रायपुर। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए स्टेशन रोड की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किया जा रहा है। रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त योजना के तहत नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसी कड़ी में मंगलवार को स्टेशन के पास स्थित वर्षों पुराने ट्रैफिक बूथ को हटा दिया गया है, जबकि मंदिर के पीछे बने सुलभ शौचालय को भी हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन मार्ग पर नया डिवाइडर बनाया जाएगा। इस बदलाव के बाद एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन सीधे स्टेशन तक तो पहुंच सकेंगे, लेकिन वे गुरुद्वारा होते हुए तेलघानी नाका की ओर सीधे नहीं जा पाएंगे। नई व्यवस्था के तहत एक्सप्रेस-वे से तेलघानी नाका, गुरुद्वारा और समता कॉलोनी की ओर जाने वाले वाहनों को अब फाफाडीह चौक से होकर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालकों को या तो पहले ही वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा या स्टेशन पहुंचने के बाद वापस फाफाडीह चौक की ओर मुड़ना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में वाहन स्टेशन परिसर के भीतर से गुजरते हैं, जिससे न केवल जाम की स्थिति निर्मित होती है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए अब स्टेशन परिसर में वाहनों का प्रवेश सीमित कर दिया गया है। परिसर के भीतर केवल वही वाहन प्रवेश कर सकेंगे जो यात्रियों को छोड़ने या लेने के लिए आएंगे। बिना किसी यात्रा संबंधी कार्य के आने वाले लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यात्रियों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही खड़े करने होंगे और मुख्य मार्ग पर रुकने या इंतजार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यातायात को सुचारू बनाने के लिए झंडा मंदिर के सामने एक अस्थायी नियंत्रण व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके साथ ही गुरुद्वारे के पास स्थित खुले डिवाइडर को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है, ताकि अनियंत्रित कट और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाया जा सके। ट्रैफिक बूथ हटने से ऑटो स्टैंड की अव्यवस्था पर भी लगाम लगेगी और अब वहां निर्धारित संख्या से अधिक ऑटो खड़े नहीं हो पाएंगे।
आरपीएफ रायपुर के अधिकारियों के मुताबिक, इस नई ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावी होने में लगभग दो सप्ताह का समय लगेगा। वर्तमान में वाहनों को डायवर्ट करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि इन बदलावों के लागू होने से स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से आम जनता को राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुरक्षित व सुव्यवस्थित हो सकेगा।