युद्ध में भी क्यों नहीं चमक रहा सोना? चांदी आधी, जानिए कारण

नई दिल्ली, 30 मार्च 2026। सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भी दोनों कीमती धातुओं के भाव लगातार टूट रहे हैं। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होते ही सोना 3 हजार रुपये से अधिक और चांदी 2100 रुपये से अधिक लुढ़क गई।

एमसीएक्स पर दो अप्रैल एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का भाव 3,043 रुपये गिरकर 1,44,212 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। शुक्रवार को यह 1,47,255 रुपये पर बंद हुआ था। सोने का लाइफ टाइम हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है, जिससे यह अब 58,772 रुपये सस्ता हो चुका है।

अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर हमले की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी। उससे एक दिन पहले सोना 1,65,659 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इस लेवल से अब सोने के दाम में 21,447 रुपये की गिरावट आ चुकी है।

चांदी के भाव भी लगातार टूट रहे हैं। पांच मई एक्सपायरी वाली चांदी सोमवार को 2,157 रुपये गिरकर 2,25,797 रुपये प्रति किलो पर आ गई। शुक्रवार को यह 2,27,954 रुपये पर बंद हुई थी। युद्ध शुरू होने से पहले 27 फरवरी को चांदी 2,82,644 रुपये प्रति किलो थी, जिससे अब यह 56,847 रुपये सस्ती हो चुकी है।

चांदी का लाइफ टाइम हाई जनवरी में 4,39,337 रुपये प्रति किलो रहा था। इस हाई से अब चांदी करीब आधी कीमत पर यानी 2,13,540 रुपये सस्ती हो गई है।

जानकारों के अनुसार युद्ध के तनाव के बीच भी सोना-चांदी पर दबाव बना हुआ है। मध्य पूर्व युद्ध से क्रूड ऑयल के दाम बढ़ने से महंगाई का जोखिम बढ़ा है, जिससे निवेशक नकदी रखना पसंद कर रहे हैं। वहीं अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने के फैसले से भी कीमती धातुओं पर गिरावट का दबाव बढ़ा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *