रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने असम और बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत का दावा किया है। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के असम दौरे पर तीखा तंज कसा। चौधरी ने कहा कि भूपेश बघेल को चुनाव प्रचार में जरूर जाना चाहिए, क्योंकि वह कांग्रेस के सफाए की गारंटी हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि पार्टी ने उन्हें, डिप्टी सीएम अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को असम में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में वहां जाकर पार्टी को मजबूत करेंगे। ओपी चौधरी ने विश्वास जताया कि असम के साथ-साथ बंगाल, तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रचार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बघेल इससे पहले उत्तर प्रदेश, असम और बिहार में प्रचार करने गए थे, जहां कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां भी उनके कदम पड़े हैं, वहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है। चौधरी के अनुसार, कांग्रेस के पतन के लिए भूपेश बघेल का वहां जाना भाजपा के लिए फायदेमंद साबित होगा।