रमेश गुप्ता भिलाई — शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही घर में आग लगाने वाले आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में लगभग 2.5 लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खेरधा निवासी मीना धृतलहरे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मार्च की रात करीब 10 बजे उनका पुत्र पुनित धृतलहरे शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था।

पैसे देने से मना करने पर उसने गुस्से में सिगड़ी से कपड़ा जलाकर घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई, जिससे घर में रखा सामान पूरी तरह जल गया।सूचना मिलते ही जामुल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे 24 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।