कोलकाता। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 12 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने बारासात सीट से मोनैम सरदार और करणदिघी से महबूब आलम को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि सूती विधानसभा सीट से असदुल एसके को टिकट दिया गया है।
गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के इस चुनाव में ओवैसी की पार्टी हुमायूं कबीर की अगुवाई वाली ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (एजेयूपी) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से यह गठबंधन 182 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर रहा है। एजेयूपी पहले ही कई सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।
प्रमुख उम्मीदवारों के नाम जारी सूची के अनुसार, एआईएमआईएम ने मोथाबाड़ी से एडवोकेट मोहम्मद मुस्तहिद हक, सुजापुर से रेजाउल करीम और कांडी से मिस्बाहुल इस्लाम खान को प्रत्याशी बनाया है। वहीं रघुनाथगंज से इमरान सोलंकी, आसनसोल से दानिश अजीज, मुरारई से तासीर शेख और नलहाटी से हाजी अंसार शेख चुनाव लड़ेंगे। इसके अतिरिक्त बशीरहाट से शबाना परवीन और हावड़ा से असिक राज मंडल पर पार्टी ने भरोसा जताया है।
दो चरणों में होगा मतदान पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटों के लिए इस बार दो चरणों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। चुनावी नतीजों की घोषणा 4 मई को की जाएगी। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ओवैसी की पार्टी के चुनावी मैदान में उतरने से कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय और दिलचस्प हो सकता है।
