रायपुर। छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आज सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। बीते 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। राजधानी में दिन का तापमान करीब 31 डिग्री और रात का तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बलरामपुर, कोरिया और जशपुर जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है। मौसम पूरी तरह खराब नहीं रहेगा, लेकिन बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।