छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला, एक-दो स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के एक-दो स्थानों पर आज हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ ओले गिरने तथा वज्रपात की संभावना है। यह स्थिति 4 अप्रैल तक बनी रहने की आशंका है। बारिश और बादल छाए रहने से दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान रायपुर में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2.9 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बस्तर और बिलासपुर क्षेत्र में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर ईरान और उससे लगे कैस्पियन सागर के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। साथ ही एक द्रोणिका निम्न से ऊपरी क्षोभमंडल तक फैली हुई है। पंजाब और हरियाणा के आसपास एक प्रेरित चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा एक प्रमुख द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए अंदरूनी ओडिशा तक विस्तारित है।

पूर्वी भारत में भी मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जहां एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पूर्व बिहार से मणिपुर तक, बांग्लादेश, मेघालय और दक्षिण-पूर्व असम के रास्ते 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली है। पश्चिमी विदर्भ से दक्षिण तमिलनाडु तक एक अन्य द्रोणिका और बिहार से गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक और द्रोणिका सक्रिय है। इन सभी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में 31 मार्च को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के साथ गरज-चमक, अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, हालांकि इसमें कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

राजधानी रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *