22 मार्च तक चलेगा जल महोत्सव, सुरक्षित पेयजल और सामुदायिक भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
कोरिया, 8 मार्च, 2026/
जल शक्ति मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से 22 मार्च तक देशभर में मनाए जा रहे जल महोत्सव के तहत कोरिया जिला के बैकुंठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तमजीरा में जल महोत्सव का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की सहभागिता के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती पुष्पा सिंह पंच श्रीमती ललिता सिंह, श्रीमती कमलादेवी, जल मित्र सुशीला साहू तथा जल बहनियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री मनोज ठाकुर ने जानकारी दी कि जल महोत्सव 8 से 22 मार्च तक चलने वाला पखवाड़ा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को जल आपूर्ति संपत्तियों का औपचारिक हस्तांतरण, जल गुणवत्ता परीक्षण और निगरानी को मजबूत करना तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करना है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जल महोत्सव के माध्यम से सभी लोग सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएं, जिससे सतत और समुदाय- आधारित जल प्रबंधन को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। ग्राम पंचायत ही योजना के संचालन, रखरखाव और जल गुणवत्ता की निगरानी करेगी, जिससे ग्रामीणों को मानक के अनुरूप शुद्ध पेयजल नल के माध्यम से निरंतर उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के अंत में जल अर्पण दिवस मनाते हुए जागरूकता रैली निकाली गई और ग्रामीणों को जल संरक्षण तथा स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।