बिहार विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान शुरू, 3.7 करोड़ मतदाता तय करेंगे 1302 उम्मीदवारों का भाग्य

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में मंगलवार सुबह सात बजे से 122 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें नीतीश कुमार सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं।

मतदान 45,399 मतदान केंद्रों पर हो रहा है, जिनमें 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं हैं। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी में सर्वाधिक 22-22 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इस चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज सहित नेपाल सीमा से सटे जिलों की सीटें शामिल हैं। अधिकांश सीटें सीमांचल क्षेत्र की हैं, जहां मुस्लिम आबादी का प्रभाव है। इस कारण चरण एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए निर्णायक माना जा रहा है।

सुरक्षित मतदान के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पहले चरण में 71 सीटों पर 65 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज हुआ था।

प्रमुख उम्मीदवारों में जदयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), भाजपा के प्रेम कुमार (गया टाउन), रेनू देवी (बेतिया), नीरज कुमार सिंह बबलू (छातापुर), लेशी सिंह (धमदाहा), शीला मंडल (फुलपरस) और जमा खान (चैनपुर) शामिल हैं। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *