दुर्ग जिले की चरोदा बस्ती में 15 अक्टूबर की रात मामूली विवाद हिंसक रूप ले लिया। चार आरोपियों ने एक युवक हेमराज साहू की पिटाई की और उसकी दो बाइक में आग लगा दी। गंभीर हालत में घायल हेमराज को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों – भवानी शंकर तिवारी, कालू ठाकुर, दुर्गेश कुमार यादव और किशन यादव – को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी इलाके के पुराने अपराधी बताए जा रहे हैं।
16 अक्टूबर की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर वारदात का सीन रिक्रिएशन कराया। आरोपियों ने बताया कि विवाद के बाद उन्होंने युवक पर हमला किया और बाइक में आग लगाई।
डीएसपी हेमप्रकाश नायक ने बताया कि चारों आरोपी चरोदा बस्ती के कुख्यात बदमाश हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।