ओडिशा के एमवी 26 गांव में महिला हत्या के बाद भड़की हिंसा, 230-250 घर जलकर हुए राख

पखांजूर। ओडिशा के मलकानगिरि जिले के एमवी 26 गांव में एक महिला की हत्या के बाद भड़की हिंसा में पूरे गांव के 230-250 घर आग के हवाले कर दिए गए। पीढ़ियों से संजोई गई लगभग 60 वर्षों की मेहनत और पूंजी पूरी तरह जलकर राख हो गई।

इस घटना में पीड़ित परिवारों के कच्चे-पक्के मकान, अनाज, कपड़े, जरूरी दस्तावेज तथा घरेलू सामान सब कुछ नष्ट हो गया। अचानक हुई हिंसा ने सैकड़ों लोगों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार महिला हत्या की घटना के बाद गांव में तनाव फैला, जो शीघ्र ही उग्र रूप ले लिया। भीड़ ने पूरे गांव को निशाना बनाते हुए आगजनी की। घटना से गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।

इस मानवीय त्रासदी के बाद छत्तीसगढ़ के परलकोट क्षेत्र से पीड़ितों की मदद के लिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। स्थानीय सामाजिक संगठनों और लोगों द्वारा अनाज, कपड़े तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित की जा रही हैं।

पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई, उचित मुआवजा तथा स्थायी पुनर्वास की मांग की है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन की कार्रवाई और पीड़ितों को सहायता पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *