रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने आगामी परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए परीक्षार्थियों हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा और किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर अभ्यर्थियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की मैनुअल और मेटल डिटेक्टर से गहन तलाशी ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिस कर्मियों द्वारा और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा संपन्न की जाएगी।
आयोग ने परीक्षा कक्ष में प्रतिबंधित सामग्रियों की सूची भी जारी की है। अभ्यर्थी अपने साथ मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, आईटी गैजेट्स, डिजिटल डायरी, किसी भी प्रकार के कागज या पुस्तक नहीं ले जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त मोटे सोल वाले जूते, ऊंची हील वाली सैंडल, गॉगल्स और डिजिटल ग्लासेस पहनकर आने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नकल करने, आपस में चर्चा करने या किसी भी अनुचित साधन का प्रयोग करने पर अभ्यर्थी की परीक्षा निरस्त करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की परीक्षाओं और साक्षात्कारों से भी प्रतिबंधित किया जा सकता है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान करते हुए आयोग ने बताया कि मेडिकल बोर्ड या सिविल सर्जन के प्रमाण-पत्र के आधार पर सह-लेखक की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए संबंधित अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से पांच दिन पूर्व जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक 12 में संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी।