मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र में स्थित एक दुर्गा मंदिर परिसर में आपत्तिजनक वस्तु मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मंदिर परिसर में धार्मिक प्रतीकों के पास हरे रंग का कपड़ा रखे जाने की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया है।

जानकारी के अनुसार घटना सोनपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर के गेट पर हरे रंग का झंडानुमा कपड़ा लगा दिया और माता के त्रिशूल के पास भी हरा कपड़ा रख दिया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर इस पर पड़ी तो मामले की जानकारी पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए।
घटना को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए इसे धार्मिक आस्था के साथ छेड़छाड़ बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतें क्षेत्र की शांति और आपसी भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास हो सकती हैं।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।