स्वास्थ्य भवन निर्माण में भारी लापरवाही! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ठेकेदार पर गंभीर आरोप

भानुप्रतापपुर। ग्राम पंचायत सोनेकन्हार के आश्रित ग्राम बीरकोंदल में बन रहे स्वास्थ्य विभाग के भवन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया निर्माण और मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।
ग्रामीण विजय कुमार ध्रुव, सुरेश टांडिया, ललतू चक्रधारी, डिकेश कुमार गावड़े, संतूराम यादव और बीरूराम यादव ने बताया कि निर्माण कार्य में न तो नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग हो रहा है। उनका आरोप है कि एक बैग सीमेंट से 16 से 18 तक मसाला तैयार किया जा रहा है, जो निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


ग्रामीणों का कहना है कि जब इस लापरवाही को लेकर ठेकेदार और उसके कर्मचारियों से सवाल किया गया, तो उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए साफ कह दिया जहां शिकायत करनी है कर दो, मुझे किसी का डर नहीं है।
इसी मुद्दे को लेकर भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष नरहर देव गावड़े ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और पानी डालने की प्रक्रिया के बारे में पूछा, तो ठेकेदार ने उल्टा उनसे ही सवाल करते हुए बदसलूकी शुरू कर दी।
ठेकेदार ने सफाई देते हुए कहा कि गांव में मिस्त्री नहीं मिलने के कारण बालोद जिले से मिस्त्री बुलाने पड़े हैं, लेकिन इससे काम की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल कम नहीं हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे निर्माण कार्यों में लापरवाही न हो।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *