विजय की हुईं रश्मिका: उदयपुर में संपन्न हुई हिंदू रीति-रिवाजों से शादी, शाम को ‘कोडवा’ परंपरा से फिर थामेंगे हाथ

उदयपुर : दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ी, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा आखिरकार हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए हैं। लंबे समय तक अपने रिश्ते को राज रखने के बाद, इस कपल ने आज यानी 26 फरवरी 2026 को राजस्थान के उदयपुर में सात फेरे लिए। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार, सुबह ठीक 10 बजकर 10 मिनट पर दोनों शादी के बंधन में बंधे। इस निजी समारोह में परिवार के सदस्यों के अलावा फिल्म जगत के कुछ चुनिंदा दोस्त ही शामिल हुए।

विजय और रश्मिका की प्रेम कहानी की शुरुआत फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट से मानी जाती है, जिसके बाद दोनों ‘डियर कॉमरेड’ में भी साथ नजर आए थे। हालांकि दोनों अक्सर साथ में छुट्टियां मनाते देखे जाते थे, लेकिन उन्होंने कभी अपने रिश्ते पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई थी। शादी के इस खास मौके पर टॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा, तरुण भास्कर और शिव निर्वाणा जैसे सितारे मौजूद रहे। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पत्र लिखकर नवविवाहित जोड़े को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।

शादी का जश्न अभी थमा नहीं है। हिंदू रीति-रिवाजों के बाद, आज शाम ठीक 4:30 बजे रश्मिका के पैतृक स्थान की ‘कोडवा’ परंपरा के अनुसार एक बार फिर विवाह संपन्न होगा। प्रशंसक सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को जमकर बधाइयां दे रहे हैं और उनकी शादी की पहली आधिकारिक तस्वीर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल, इंटरनेट पर उनकी पुरानी फिल्मों की शादी वाली तस्वीरें वायरल हो रही हैं, लेकिन असली लुक शाम की शादी के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *