शहडोल। शहडोल जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ब्यौहारी थाना क्षेत्र में थाने के ठीक सामने एक निजी बस मालिक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से बदसलूकी और धक्का-मुक्की की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्टेट हाईवे पर परमिट को लेकर दो बस संचालकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। सूचना पर मौके पर प्रधान आरक्षक सुखेंद्र त्रिपाठी और आरक्षक सूर्य मणि त्रिपाठी पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान दादू एंड संस कंपनी की बस क्रमांक एमपी 19 पी 0698 सड़क के बीच खड़ी कर सवारियां उतारी जा रही थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
पुलिसकर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए बस को सड़क से हटाने को कहा, लेकिन कुछ देर बाद बस मालिक मृगेंद्र मिश्रा उर्फ दीपू मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने पुलिस से ऊंची आवाज में बहस की, गाली-गलौज की और ड्यूटी पर तैनात जवान को धक्का देकर डराने का प्रयास किया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शहडोल बस स्टैंड पर इसी कंपनी की बस द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी महेश पाठक को कुचलने की घटना सामने आ चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं कंपनी प्रबंधन के रवैये और प्रशासनिक सख्ती की कमी की ओर इशारा कर रही हैं।
पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने कहा है कि यदि पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की पुष्टि होती है और शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।