सुपरवाइजर से 20 लाख की लूट कर मैनपाट की खाई में फेंका, मौत को मात देकर लौटा पीड़ित—4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चाम्पा (छत्तीसगढ़)। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जो किसी थ्रिलर फिल्म की पटकथा जैसी लगती है। चाम्पा स्थित अरविंद इंडस्ट्रीज में कार्यरत एक सुपरवाइजर को अगवा कर 20 लाख रुपये की लूट की गई और हत्या के इरादे से उसे 193 किलोमीटर दूर मैनपाट की गहरी खाई में धकेल दिया गया। चमत्कारिक रूप से पीड़ित मौत को मात देकर वापस लौटा, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा किया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस वारदात का मास्टरमाइंड उसी कंपनी का कर्मचारी निकला।


दो महीने पहले रची गई थी साजिश

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि अरविंद इंडस्ट्रीज में पिछले 17 वर्षों से कार्यरत योगेश रात्रे को सुपरवाइजर हरीश देवांगन के कैश कलेक्शन और आवाजाही की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए उसने अपने साथियों के साथ करीब दो महीने पहले लूट की साजिश रची थी।
पहला प्रयास विफल रहा, लेकिन 9 जनवरी को आरोपियों ने हरीश देवांगन की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उनका अपहरण कर लिया और नकदी से भरा बैग लूट लिया।


मैनपाट की खाई में फेंककर समझा मृत

लूट के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की नीयत से मैनपाट ले गए। रात करीब 9 बजे उसे गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए। उन्हें लगा कि हरीश की मौत हो चुकी है।
लेकिन हरीश देवांगन पूरी रात खाई में फंसा रहा। उसने पेड़ की डालियों के सहारे खुद को संभाले रखा और सुबह पत्थरों व झाड़ियों के सहारे किसी तरह सड़क तक पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर वह एक मोबाइल शॉप पहुंचा और कंपनी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया।


300 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस ने चाम्पा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और अधूरे वाहन नंबर के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार की पहचान की गई।

जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को ओडिशा के पुरी तट के पास एक होटल से गिरफ्तार किया, जहां वे लूट की रकम उड़ाकर मौज-मस्ती कर रहे थे।


गिरफ्तार आरोपी

  1. योगेश रात्रे उर्फ छोटे (32) – निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर
  2. जमुना सेवायक (25) – निवासी चरणनगर, चाम्पा
  3. महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाउ (19) – निवासी चरणनगर, चाम्पा
  4. अमीर मिरी उर्फ भोलू (25) – निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर

बरामदगी और फरार आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम पर

  • 13 लाख 75 हजार रुपये नकद,
  • एक वेन्‍यू कार,
  • वारदात में प्रयुक्त चाकू और बेसबॉल स्टिक,
  • तथा 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपी सुनील कुर्रे शेष रकम के साथ फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *