पंचायत पदाधिकारियों के साथ जिला पंचायत सीईओ ने की नए अधिनियम की चर्चा *
सामान्य सभा की बैठक में दिव्यांगजनों को मिली ट्राई सायकल
कोरिया 27 फरवरी 2026/
जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में शुक्रवार के सामान्य सभा की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वन्दना राजवाड़े सहित सभी जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए। बैठक के आरंभ में गत सामान्य सभा की बैठक में रखे गए विषयों पर विभाग प्रमुखों द्वारा कृत कार्यवाही से अवगत कराया गया। सामान्य सभा की बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान चिन्हित विषयों को क्रमशः सदन में रखा।
जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने संबंधित विभाग प्रमुखों को जल्द निराकरण कर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
क्षेत्र के विषयों पर सदस्यों ने रखी बात
बैठक में सौभाग्यवती सिंह ने सभी स्वास्थ केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की जांच दिवस स्वास्थ केंद्रों में नाश्ते का प्रबंध किए जाने, सुरेश सिंह ने राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में श्रमिको के लंबित भुगतान जल्द कराए जाने, राजेश साहू ने निजी विद्यालय संचालन के सभी मानक बिन्दुओं पर ध्यान दिलाया और शिक्षा विभाग द्वारा निजी विद्यालयों की जांच किए जाने, शिव कुमारी ने दूरस्थ वनांचल में सौर ऊर्जा से संचालित उपकरण खराब होने पर बदले जाने की आवश्यकता दर्ज कराई गई। सदस्यों की मांग को गंभीरता से लेकर जिला पंचायत सीईओ ने सभी विषयों पर जल्द कार्यवाही कर सदस्यों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
बीवी जी राम जी योजना पर संवाद
सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने सभी पंचायत राज पदाधिकारियों की उपस्थिति में वी बी जी राम जी योजना के बारे में जानकारी प्रदान की। साप्ताहिक आई ई सी गतिविधि के पांचवे सप्ताह में पंचायत राज पदाधिकारियों से नए अधिनियम पर चर्चा करते हुए जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नई योजना में ग्रामीण श्रमिको को अब 125 दिवस का रोजगार सुनिश्चित होगा। तकनीकी के साथ नए कार्य होने से आने वाले समय में ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। काम न मिलने की दशा में श्रमिको को बेरोज़गारी भत्ते का प्रावधान तथा अन्य प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
दो दिव्यांग हुए लाभान्वित
जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना एवं सभी सदस्यों की उपस्थिति में मझगांव निवासी समय लाल और जगदीशपुर निवासी मंगलसाय को समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रायसाइकिल प्रदान की गई। इस दौरान जनपद पंचायत सोनहत अध्यक्ष आशा देवी, बैकुंठपुर अध्यक्ष उदय सिंह भी उपस्थित रहे।