बिलासपुर में हंगामा – NHM कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष को पुलिस ने थाने ले जाया, सैकड़ों कर्मचारी आक्रोशित होकर अरुण साव से मुलाकात करने पहुंचे सर्किट हाउस

बिलासपुर। नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। शनिवार को इस हड़ताल ने बड़ा मोड़ तब ले लिया जब पुलिस ने कर्मचारी संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे को हिरासत में ले लिया। यह घटना तब हुई जब कर्मचारी नेता डिप्टी सीएम अरुण साव से मुलाकात करने के लिए बिलासपुर सर्किट हाउस पहुंचे थे।

जैसे ही श्याम मोहन दुबे को पुलिस थाने ले गई, वैसे ही खबर कर्मचारियों के बीच फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों कर्मचारी थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

NHM कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कोरोना काल में अपनी जान हथेली पर रखकर काम किया। उस समय कई कर्मचारियों ने अपनी जान गंवाई और कई गंभीर रूप से बीमार हुए। इसके बावजूद उनकी मांगें अभी तक पूरी नहीं की गई हैं।

कर्मचारी संघ की मुख्य मांग है कि सभी NHM कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए और वेतनमान व सेवा शर्तें स्थायी कर्मचारियों के समान की जाएं। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई। अब निगाहें सरकार पर हैं कि वह इस विवाद को कैसे सुलझाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *