भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में शुक्रवार देर रात उस वक्त तनाव फैल गया, जब युवाओं के एक समूह ने वरिष्ठ बीजद नेता और पूर्व मंत्री प्रताप जेना के निवास के बाहर जमकर हंगामा किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 15 से 20 युवकों की भीड़ ने प्रताप जेना के घर के बाहर पटाखे फोड़े और नारेबाजी की। आरोप है कि नशे में धुत उपद्रवियों ने बंदूक की नोक पर सुरक्षा गार्डों को धमकाया और जबरन घर के भीतर घुसने की कोशिश की। पूर्व मंत्री ने दावा किया है कि यह केवल सामान्य विवाद नहीं बल्कि हथियारों के बल पर फैलाया गया आतंक था। उन्होंने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने घर के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को भी डराया-धमकाया।
प्रताप जेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस हमले को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने अपनी ही पार्टी के एक अन्य विधायक पर इस पूरे घटनाक्रम की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। जेना ने मामले में तत्काल गिरफ्तारियों की मांग करते हुए मुख्यमंत्री मोहन माझी और पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया से कड़ी कार्रवाई का आग्रह किया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पूर्व मंत्री के आवास के पास अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।