जबलपुर में बेलगाम कार का कहर, इनकम टैक्स चौराहे पर कई वाहनों को मारी टक्कर, तीन लोग घायल

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। इनकम टैक्स चौराहे पर हुई इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित कार ने चौराहे पर खड़ी कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी और अंत में एक पार्क की दीवार से जा टकराई। इस पूरी घटना का वीडियो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें कार की रफ्तार और टक्कर का भयानक मंजर साफ दिखाई दे रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक नशे में पूरी तरह धुत्त था। कई लोगों को अपनी चपेट में लेने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर वाहन नंबर के आधार पर चालक की शिनाख्त शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *