रायपुर। व्यापार विहार स्थित ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल में छात्रों के भविष्य से जुड़े एक गंभीर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील से सीधी चर्चा की है और तत्काल जांच के लिए पत्र प्रेषित किया है।
मामला स्कूल पाठ्यक्रम में अचानक किए गए बदलाव से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 40 से अधिक छात्रों के अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई है कि स्कूल प्रबंधन ने प्रवेश के समय सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई और परीक्षा का भरोसा दिलाया था। हालांकि, अब चालू शैक्षणिक सत्र के बीच में ही छात्रों पर छत्तीसगढ़ बोर्ड (सीजी बोर्ड) से परीक्षा देने का दबाव बनाया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन के इस आकस्मिक निर्णय से अभिभावकों और छात्रों में भारी असमंजस और आक्रोश की स्थिति है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस पूरे घटनाक्रम को छात्रों के भविष्य के साथ धोखा करार दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम गठित की जाए। मंत्री ने यह भी कहा है कि यदि जांच में स्कूल प्रबंधन दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंत्री साहू ने कड़े शब्दों में कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया है कि जांच की प्रगति और इस दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी उन्हें नियमित रूप से दी जाए, ताकि प्रभावित छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों को समय पर न्याय मिल सके।