CM साय से केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम की मुलाकात: आदिवासी संस्कृति संरक्षण के प्रयासों की सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शुक्रवार को केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुलाकात की। यह भेंट सौजन्य मुलाकात के रूप में हुई, लेकिन बातचीत में राज्य के आदिवासी विकास और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और पारंपरिक शॉल भेंट किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समुदाय के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के साथ-साथ पारंपरिक संस्कृति को सहेजने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

साय ने कहा कि आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की पहचान है और उनकी संस्कृति को संरक्षित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य में संचालित विभिन्न जनजातीय कल्याण योजनाओं और बस्तर-सरगुजा अंचलों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री साय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय संस्कृति और लोक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए जो कार्य हो रहे हैं, वे पूरे देश के लिए उदाहरण हैं।

इस मौके पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव और पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *