बेकाबू ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेकाबू ट्रेलर सड़क किनारे बने घर में घुस गया। इस हादसे में आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में खेल रहा बच्चा और उसके ससुर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कैसे हुआ हादसा

घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा की है। बताया जा रहा है कि भोलाराम सूर्यवंशी का घर मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। शनिवार शाम करीब 4 बजे उनकी बड़ी बहू शशि बाई सूर्यवंशी खाना खाने के बाद आंगन में बर्तन धो रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पार करता हुआ घर की दीवार तोड़ते हुए आंगन में जा घुसा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि शशि बाई ट्रेलर की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति गजपाल ड्राइवर का काम करते हैं।

ग्रामीणों का आक्रोश

घटना से आक्रोशित मोहल्ले के लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।

प्रशासन मौके पर

सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डडसेना, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और तहसीलदार अभिजीत राजभानु मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *