उज्जैन। सुपर 30 के संस्थापक एवं प्रसिद्ध गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया रविवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। दोनों हस्तियों ने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
मंदिर आगमन पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों अतिथियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। दर्शन के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए पद्मश्री आनंद कुमार ने कहा कि बाबा महाकाल के आंगन में आकर उन्हें एक नई और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ है। उन्होंने मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी जमकर सराहना की और प्रबंधन को इसके लिए बधाई दी।
गौरतलब है कि आनंद कुमार बिहार के रहने वाले हैं और वे आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को मुफ्त में आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के लिए देशभर में विख्यात हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2023 में पद्म श्री से सम्मानित किया है। वहीं, डॉ. प्रवीण तोगड़िया भी समय-समय पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन प्रवास पर रहते हैं। दोनों ने मंदिर की अनुशासनबद्ध व्यवस्था और सुगम दर्शन प्रक्रिया को सराहा है।