उद्धव ठाकरे के बेटे तेजस ठाकरे की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

मुंबई। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के छोटे बेटे तेजस ठाकरे को अचानक स्वास्थ्य खराब होने के कारण रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच के बाद उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। अस्पताल में उद्धव ठाकरे और उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे भी मौजूद हैं।

जानकारी के अनुसार, तेजस ठाकरे पिछले तीन दिनों से बीमार चल रहे थे, जिसके बाद बुधवार को अचानक स्थिति बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उन्हें किस बीमारी के चलते भर्ती किया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। गुरुवार सुबह उद्धव ठाकरे ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से उनकी सेहत की जानकारी ली।

वन्यजीव क्षेत्र में सक्रिय हैं तेजस

राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद तेजस ठाकरे सक्रिय राजनीति से दूर वन्यजीव शोध और फोटोग्राफी के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। वन्यजीवों के प्रति उनके लगाव के कारण ही उन्होंने अब तक करीब 60 नई प्रजातियों की खोज की है। तमिलनाडु में खोजी गई छिपकली की एक प्रजाति का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है।

प्रजातियों की खोज में रहा है बड़ा योगदान

वर्ष 2012 से ही वन्यजीवों के दस्तावेजीकरण में जुटे तेजस ने अंबोली में मछली और मक्खी की नई प्रजातियों की खोज की थी। उनके शोध कार्यों के कारण ही शिस्तुरा हिरण्यकेशी नामक मछली के प्राप्ति स्थल को जैव विविधता विरासत स्थल का दर्जा मिला था। तेजस कई बार सार्वजनिक मंचों पर कह चुके हैं कि उन्हें चुनावी रैलियों और भीड़ के बजाय जंगलों में समय बिताना अधिक पसंद है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *