बीजापुर। बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक अंतर्गत ग्राम वंगापल्ली में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते दो युवकों पर ग्रामीणों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस हिंसा में घायल दोनों युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घटना के विवरण के अनुसार, ग्राम दम्पया निवासी विकास कावटी और संतोष कावटी मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। ग्राम वंगापल्ली के समीप उनके साथ मौजूद एक मवेशी के भागने पर जब वे उसे पकड़ने के लिए दौड़े, तो स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझ लिया। भीड़ ने बिना किसी पुष्टि के लाठी-डंडों से दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल विकास कावटी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि संतोष कावटी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
मद्देड़ थाना प्रभारी डी.पी. पात्रे ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की गई है। पुलिस ने घटना में संलिप्त आठ संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के परिप्रेक्ष्य में बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने एक वीडियो संदेश जारी कर आम जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही बच्चा चोरी और किडनी चोरी जैसी खबरों को पूर्णतः भ्रामक और निराधार बताया है। एसपी ने जनता से आग्रह किया है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध स्थिति दिखने पर कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या हिंसा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।