नवोदय स्कूल में मोबाइल रखने पर छात्रों की बेरहमी से पिटाई, दो शिक्षक गिरफ्तार और निलंबित

Suspended

दुर्ग। जिले के बोरई स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में मोबाइल रखने की बात पर दो शिक्षकों द्वारा छात्रों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना में नौ छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपी शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में मोबाइल फोन लाना प्रतिबंधित है, लेकिन 10वीं और 12वीं के कुछ छात्र छिपाकर फोन का उपयोग कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर शिक्षकों ने छात्रों की डंडे, हाथ-मुक्के और लात से पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि एक छात्र की आंख लाल हो गई, जबकि दूसरे के कान से खून निकल आया। एक अन्य छात्र ने निजी अंग पर लात मारने का आरोप लगाया है, जिससे उसे सूजन और दर्द की शिकायत हुई है।

पुलगांव थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना 21 फरवरी शनिवार की है। छात्रों को पहले प्रिंसिपल ऑफिस में मोबाइल जमा करने को कहा गया और उसके बाद वाइस प्रिंसिपल के केबिन में बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। अगले दिन 22 फरवरी को छात्रों ने फोन पर अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद 24 फरवरी को छात्र और उनके अभिभावक थाने पहुंचे।

परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने शिक्षक पीयूष कुमार और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हुई है, जिसे पुलिस ने जांच का मुख्य आधार बनाया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *