
राजधानी रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर एक बैंककर्मी से 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि बैरन बाजार स्थित भूखंड को बेचने का सौदा कर दो सगी बहनों ने एडवांस रकम ले ली, लेकिन तय समय सीमा में रजिस्ट्री नहीं कराई और अब टालमटोल कर रही हैं।
पीड़ित विजय पटेल (44), निवासी स्टेट बैंक कॉलोनी फाफाडीह, ने पुलिस को बताया कि बैरन बाजार निवासी शहनाज खान और शफिका खान से उनके भूखंड क्रमांक 16/05 और 18/05 (कुल रकबा 2604 वर्गफुट) को 1 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदने का एग्रीमेंट हुआ था।
एग्रीमेंट के तहत 18 जुलाई 2025 को 20 लाख रुपये बयाना दिए गए, जिसमें 15 लाख रुपये नकद और 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से शामिल थे। समझौते में तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य था, लेकिन समय सीमा बीतने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
पीड़ित का आरोप है कि इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता शहनाज खान का बेटा सदफ है, जो रजिस्ट्री कराने से इनकार कर रहा है और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा है।

शक होने पर पीड़ित ने 8 अक्टूबर 2025 को कानूनी नोटिस भेजा और 14 अक्टूबर को रजिस्ट्री कार्यालय में उपस्थित रहने की सूचना दी, लेकिन तय दिन आरोपी वहां नहीं पहुंचे।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह के अनुसार, प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।