दो सगे भाइयों ने युवक को उतारा मौत के घाट: शराब के नशे में विवाद के बाद हत्या, सकरी पुलिस ने आरोपियों को ससुराल से किया गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दो सगे भाइयों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। वारदात के बाद से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को सकरी पुलिस ने मंगलवार सुबह उनके ससुराल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तमिलनाडु भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से पकड़े गए।

घटना 14 मार्च की है, जब मृतक सतीश कौशिक अपने दोस्त राकेश कौशिक उर्फ छोटू और उसके भाई गणेश कौशिक के साथ शराब पीने गया था। तीनों ने सकरी स्थित शराब भट्टी से देशी शराब खरीदी और संबलपुर के एक खेत में पीपल पेड़ के नीचे बैठकर पार्टी करने लगे। इसी बीच सतीश ने नशे की हालत में गणेश और उसके परिवार को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। मना करने के बावजूद जब सतीश नहीं रुका, तो दोनों भाई आक्रोशित हो गए और उस पर हाथ-मुक्का से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान सतीश का सिर पेड़ की जड़ से टकराने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। वे पहले अपने चाचा के घर पहुंचे, लेकिन हत्या की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उन्हें वहां से हटा दिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने बेलगहना स्थित सिद्ध बाबा आश्रम में एक रात बिताई और फिर ग्राम मेण्ड्रा पाड़ स्थित अपने ससुराल पहुंच गए। वहां से दोनों आरोपी दक्षिण भारत भागने की योजना बना रहे थे।

सकरी थाने के बीट आरक्षकों को आरोपियों के ससुराल में छिपे होने की सटीक जानकारी मिली। आरक्षक आशीष शर्मा, अफाक खान और अनुप नेताम ने घेराबंदी करते हुए जाल बिछाया और परिजनों के सहयोग से रैकी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *