नरसिंहपुर: सड़क हादसे में सरपंच सहित दो की मौत, थार गाड़ी की चपेट में आने से हुआ हादसा

MP News Today :

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में सरपंच सहित दो लोगों की जान चली गई। घटना के बाद से मृतक के गांव और परिजनों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, मुशरान पिपरिया के सरपंच रोशन सिंह मेहरा अपने साथी भगवत सिंह झरिया के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11.30 बजे जब वे बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी ग्राम धमना बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस जांच अधिकारी दिलीप सिसोदिया ने बताया कि थार गाड़ी के चालक और उसमें सवार लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *