रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत दी गई है। इसके तहत तीन श्रेणियों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त दो दिन 5 और 6 फरवरी 2026 तक धान खरीदी की अनुमति प्रदान की गई है।
निर्देशानुसार इस विशेष अवधि में वे किसान धान बेच सकेंगे, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया था। इसके अलावा वे किसान भी शामिल हैं, जिनके आवेदन का सत्यापन हो चुका है और जिनके पास धान उपलब्ध पाया गया है। साथ ही जिन किसानों को 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन मिला था, लेकिन किसी कारणवश वे तय तिथि पर धान विक्रय नहीं कर सके थे, उन्हें भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बारदाना और हमालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित तथा सुचारु विक्रय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।