नवा रायपुर में दो दिवसीय आदि परब-2026 का आयोजन आज से, जनजातीय संस्कृति की दिखेगी झलक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को भव्य आदि परब-2026 का आयोजन किया जा रहा है। परम्परा से पहचान तक की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय कला और संस्कृति को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में छत्तीसगढ़ की सभी 43 जनजातियों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और झारखंड के जनजातीय समुदाय भी शामिल होंगे। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय पहचान, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उनके पारंपरिक ज्ञान को बढ़ावा दिया जाएगा।

महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में आदि-परिधान जनजातीय अटायर शो शामिल है, जिसमें पहली बार सभी 43 जनजातीय समुदायों की पारंपरिक वेशभूषा का प्रदर्शन एक ही मंच पर होगा। इसके साथ ही आदि रंग महोत्सव के तहत जनजातीय चित्रकला की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। हस्तशिल्प और वनोपजों को बढ़ावा देने के लिए आदि-हाट का भी आयोजन किया जा रहा है, जहाँ जनजातीय कलाकारों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी।

इस कार्यक्रम के जरिए देश-दुनिया को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, लोक जीवन और उनके उत्कृष्ट हस्तशिल्प से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति ने जनजातीय कलाकारों और शिल्पकारों की सहभागिता के साथ इस उत्सव को भव्य बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *