शराब के नशे में धुत दरिंदों ने सोते समय किया अपहरण, घर से 300 मीटर दूर मिली पीड़िता; पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल
कांकेर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शराब के नशे में चूर दो युवकों ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर सो रही एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की मुस्तैदी से दोनों आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं, लेकिन इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
महुआ चोरी के बहाने घर में घुसे, मासूम को देख डोली नीयत
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित जैन (19 वर्ष) और रोहित जैन (19 वर्ष), निवासी सिदेसर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात के अंधेरे में महुआ चोरी करने के इरादे से पीड़िता के घर में दाखिल हुए थे। वहां बिस्तर पर नाबालिग को सोता देख उनकी नीयत बिगड़ गई और उन्होंने सोते हुए मासूम का अपहरण कर घर से महज 300 मीटर दूर ले जाकर दरिंदगी की।

अपहरण की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की थी सर्चिंग
परिजनों ने जब रात में बेटी को बिस्तर पर नहीं पाया, तो अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल सिटी कोतवाली थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बिना समय गंवाए इलाके की घेराबंदी की और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पीड़िता संदिग्ध और गंभीर अवस्था में घर के पास ही बरामद हुई, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
इस पूरे मामले पर उप पुलिस अधीक्षक (DSP) योगेश साहू ने कड़ा रुख अपनाते हुए मीडिया को जानकारी दी कि नाबालिग के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाई और पीड़िता को संदिग्ध अवस्था में बरामद किया। पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों—अमित जैन और रोहित जैन—को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने शराब के नशे में महुआ चोरी के लिए घर में घुसने और फिर इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समाज में आक्रोश, कानून के शिकंजे में आरोपी
कांकेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है, लेकिन 19 वर्ष की उम्र के इन युवकों द्वारा की गई इस वीभत्स घटना ने सामाजिक सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब मामले में जल्द से जल्द चालान पेश कर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में है।