सड़क हादसे में बलौदाबाजार के दो आरक्षकों की मौत, ड्यूटी पर जाते समय वाहन ने मारी टक्कर

CG Breaking :

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक धर्मेंद्र यादव और प्रशांतधर दीवान एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में दोनों जवानों की मृत्यु हो गई है, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह लगभग 11 बजे की है। साइबर सेल में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र यादव और हथबंद थाने में तैनात आरक्षक प्रशांतधर दीवान बाइक से अपनी ड्यूटी के लिए निकले थे। थाना हथबंद क्षेत्र के उडेला-पौसरी मार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मेंद्र मूल रूप से बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के निवासी थे।

वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल आरक्षक प्रशांतधर दीवान को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। प्रशांतधर दीवान बेमेतरा जिले के नवागढ़ के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सहकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। इस दुखद घटना के बाद दोनों जवानों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *