बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के हॉस्टल मेस में छात्र से मारपीट कर चाकू लेकर जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
कोनी थाना पुलिस के अनुसार प्रार्थी हर्ष अग्रवाल गुरु घासीदास विश्वविद्यालय का छात्र है। उसने 11 जनवरी को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम करीब 6 बजे तांतया भील बालक छात्रावास में संचालित मेस में नाश्ते को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान मेस कर्मचारी दीपक केवट और दीपेंद्र केवट ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से चाकू लेकर उसके पीछे दौड़े।
छात्र की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला सक्ती निवासी 21 वर्षीय दीपक केवट और 19 वर्षीय दीपेंद्र केवट को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।