ट्यूशन टीचर की बर्बरता: आठवीं की छात्रा को स्टिक से 20 बार मारा, हाथ में आई गंभीर सूजन

नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई अंतर्गत गोठीवली गांव में एक ट्यूशन शिक्षक द्वारा आठवीं कक्षा की छात्रा की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। छात्रा द्वारा पहाड़े याद न कर पाने से नाराज शिक्षक ने उसे लकड़ी की स्टिक से कई बार मारा। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक का नाम रूपाली थवी बताया गया है। पीड़ित छात्रा पिछले पांच वर्षों से इसी ट्यूशन में पढ़ रही थी। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चों को पहाड़े सुनाने के लिए कहा था, और जब छात्रा पहाड़ा नहीं सुना पाई तो उसे सजा के तौर पर हाथ पर करीब 20 बार स्टिक से मारा गया। इस पिटाई के कारण छात्रा के हाथ में गंभीर सूजन आ गई और लाल निशान पड़ गए। परिजनों ने बच्ची का एक्सरे भी करवाया है, जिसमें राहत की बात यह रही कि कोई फ्रैक्चर नहीं पाया गया।

पीड़ित छात्रा की मां पूनम वडके ने इस संबंध में रबाले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने इस कठोर सजा पर शिक्षक से सवाल किया, तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने के बजाय कहा कि बच्ची पढ़ाई नहीं करती और यदि परेशानी है तो उसे दूसरी ट्यूशन में भेज दें।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रबाले पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने और ट्यूशन के अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस घटना पर ठाणे जिला बाल संरक्षण विभाग ने भी संज्ञान लिया है। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक के खिलाफ बाल संरक्षण कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। रबाले पुलिस स्टेशन के क्राइम पीआई श्याम वनसोडे ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *