सॉफ्ट ड्रिंक से भरा ट्रक पलटा, घायल चालक की मदद करने के बजाय बोतलें लूटने में जुटी भीड़

नेल्लोर। सोशल मीडिया पर मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बिखरी सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलों को लूटने के लिए लोगों के बीच मची होड़ साफ देखी जा सकती है। हैरान करने वाली बात यह है कि सड़क पर घायल अवस्था में पड़े ट्रक चालक की मदद करने के बजाय लोग बोतलें बटोरने में मशगूल नजर आए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें लदी सॉफ्ट ड्रिंक की सैकड़ों बोतलें चारों ओर बिखर गईं। जैसे ही स्थानीय लोगों और राहगीरों को इसकी सूचना मिली, वहां भारी भीड़ जमा हो गई। घायल चालक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बजाय लोग बोतलों के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करते दिखे।

वायरल वीडियो में कुछ लोग लूट लो-लूट लो चिल्लाते हुए भी सुनाई दे रहे हैं, वहीं कई लोग इस पूरी स्थिति को देखकर हंसते हुए भी नजर आए। जितनी बोतलें हाथ लगीं, लोग उन्हें समेटकर वहां से भागते दिखे। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि संकट की घड़ी में सामाजिक संवेदनशीलता की कमी को भी उजागर करती है। फिलहाल इस वायरल वीडियो की सत्यता और घटना के सटीक समय की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *