बीजापुर
जिले के महादेव घाटी स्थित 196 बटा वाहिनी मुख्यालय सहित उसूर, नम्बी, पुजारीकांकेर, ताड़पाला घाटी एवं ताड़पाला हिल (करेगुट्टलु पहाड़ी) में शौर्य दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस दौरान वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में देश की आंतरिक सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को याद किया गया। विशेष रूप से शहीद सिपाही सतपाल, देवेंद्र कुमार और दिलीप पासवान को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर में कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
इस अवसर पर आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए हेड कांस्टेबल राकेश कुल्लू का सम्मान किया गया, जिन्होंने गंभीर चोट के बावजूद हौसला नहीं खोया और उपचार के बाद फिर से सेवा में लौटे। वहीं सिपाही कृष्ण कुमार यादव के साहस की भी सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट कुमार मनीष ने अधिकारियों एवं जवानों को कर्तव्य, शौर्य और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई। द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समवाय स्थानों पर उप कमांडेंट कुणाल किशोर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. किरण राज तथा सहायक कमांडेंट रमेश नायक, संतोष कुमार पटेल और तरुण कुमार मीना मौजूद रहे।
अधिकारियों ने जवानों को अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को याद कर जवानों में सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करना रहा।
अंत में सभी ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
महादेव घाटी में शौर्य दिवस: वीर जवानों को श्रद्धांजलि, कर्तव्यनिष्ठा का लिया संकल्प

09
Apr