रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर के प्रशिक्षु न्यायाधीशों ने आज रायपुर स्थित विधानसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित न्यायाधीशों को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु न्यायाधीशों को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सशक्त स्तंभ है। आने वाले समय में आप सभी के कंधों पर समाज और न्याय व्यवस्था के प्रति बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी न्यायाधीश पूरी निष्पक्षता, संवेदनशीलता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आम जनता के अधिकारों की रक्षा और न्याय प्रणाली के प्रति लोगों के भरोसे को मजबूत बनाए रखने में न्यायाधीशों की भूमिका सबसे अहम होती है।
इस मुलाकात के दौरान विधि विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सांवत, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की संचालक निधि शर्मा तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।