इंदौर में दर्दनाक हादसा: कार में लगी भीषण आग से चार साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत, पिता के सामने ही हुआ हादसा

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सिमरोल थाना अंतर्गत महू क्षेत्र में शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शॉर्ट सर्किट की वजह से एक कार में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कार के अंदर बैठे चार साल के बालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय नामक व्यक्ति अपने चार साल के बेटे को कार में बैठाकर बाहर एक डीजे वाहन का काम करवा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार के भीतर शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। कार में आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे मासूम को बाहर निकलने का अवसर ही नहीं मिल सका।

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों और पिता ने बच्चे को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की विकरालता के कारण कोई भी कार के करीब नहीं पहुंच पाया। सूचना मिलने पर जब तक फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचती, तब तक मासूम दम तोड़ चुका था। सिमरोल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *