पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने 13 नवीन ‘108’ एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हिंगोरा सिंह – सरगुजा

मरीजों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना शासन की प्राथमिकता: मंत्री अग्रवाल

जिले के सभी विकासखण्डों में आपातकालीन सेवा के लिए एम्बुलेंस तैनात

( अम्बिकापुर ) प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज जिला मुख्यालय से 13 नवीन शासकीय ‘108’ एम्बुलेंस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न विकासखण्डों के लिए रवाना किया। ये आधुनिक एम्बुलेंस आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित रूप से अस्पताल पहुँचाने और उन्हें रास्ते में ही प्राथमिक उपचार प्रदान करने ,में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं सरकार का मुख्य ध्येय
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य शासन प्रत्येक नागरिक तक बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा यह एम्बुलेंस सेवा क्षेत्र के नागरिकों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगी। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में आपातकालीन स्थिति के दौरान मरीजों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना शासन का मुख्य उद्देश्य है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं वाहन
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि इन एम्बुलेंसों में ऑक्सीजन सिलेंडर, प्राथमिक उपचार किट और अन्य जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध हैं।
प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की तैनाती से सेवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने 108 एम्बुलेंस प्रभारी को निर्देशित किया कि वाहनों का संचालन सुचारु रूप से हो और आम जनता को समय पर सेवा प्राप्त हो।

सीएमएचओ डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि जिले को प्राप्त 13 नवीन वाहनों में से 12 बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट): सामान्य आपात स्थितियों के लिए एवं 01 एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट): गंभीर रूप से घायल मरीजों को आक्सीजन एवं जीवन रक्षक उपकरणों के माध्यम से उपचार करते हुए अस्पताल लाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी, डी.एच.ओ. डॉ. पी.के. सिन्हा, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र राम, 108 प्रभारी राकेश कुमार सुखवंशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *