छू लो आसमान’ हॉस्टल के छात्र ने लगाई फांसी, 10वीं के छात्र की मौत से मचा हड़कंप

Dantewada News : दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मेधावी छात्र ने हॉस्टल के भीतर आत्मघाती कदम उठा लिया। जिले के बालूद स्थित प्रतिष्ठित ‘छू लो आसमान’ बॉयज हॉस्टल में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद हॉस्टल परिसर सहित पूरे जिले के शिक्षा जगत में शोक और हड़कंप की स्थिति है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं।

सुबह 3 बजे सहपाठियों ने देखा शव
मृतक छात्र की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है, जो कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था। घटना सोमवार तड़के लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जब हॉस्टल के कुछ अन्य छात्र बाथरूम जाने के लिए उठे, तब उन्होंने रौशन को हॉस्टल की सीढ़ियों के पास ग्रिल से फंदे पर लटका हुआ देखा। छात्रों के शोर मचाने पर हॉस्टल अधीक्षक और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई।

पिता के साये के बिना मां और भाई का था सहारा
बताया जा रहा है कि रौशन एक होनहार छात्र था और ‘छू लो आसमान’ जैसे विशेष संस्थान में रहकर अपने भविष्य के सपने बुन रहा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी बुजुर्ग मां और एक बड़ा भाई है, जिन्हें रौशन से काफी उम्मीदें थीं। इस घटना की खबर जैसे ही नेरली गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

आखिर क्यों उठाया यह कदम?
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रौशन ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद होने की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। क्या छात्र किसी मानसिक तनाव में था या पढ़ाई का कोई दबाव था, इन सभी पहलुओं पर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की तह तक जाया जा सके। जिला प्रशासन ने भी मामले में संज्ञान लेते हुए विभाग को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *