हर माह की 7 तारीख को पंचायतों में रोजगार, चावल और आवास दिवस का आयोजन’
कोरिया 06 मार्च 2026 – छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कोरिया जिले के सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार दिवस, चावल महोत्सव और आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले की सभी 162 ग्राम पंचायतों में कल यानी 7 फरवरी को कार्यालय ग्राम पंचायत तथा मनरेगा कार्यस्थलों पर रोजगार दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीणों और श्रमिकों को “विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025” के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है।
इस अवसर पर आयोजित होने वाले आवास दिवस का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना, हितग्राहियों में लाभ पाने के लिए जागरूकता बढ़ाना तथा निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का समाधान करना है। जनपद स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में इस आयोजन को अनिवार्य रूप से संपन्न कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्का मकान उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
साथ ही जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीण हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर श्रमिक और ग्रामीण विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को आजीविका डबरी निर्माण, जल संरक्षण कार्यों तथा अन्य विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस नवाचारी पहल के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार और आवास से संबंधित सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि इस संयुक्त आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचाना होगा। उन्होने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। आवास दिवस के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन करते हुए नए स्वीकृत आवासों के प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे तथा आवास निर्माण से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का समाधान किया जाएगा। हितग्राहियों को समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा बचे हुए श्रमिकों के ई-केवाईसी, लंबित किस्तों के भुगतान और 90 दिवस की अकुशल मजदूरी राशि से जुड़े मामलों का मौके पर ही निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।