ताड़मेटला नक्सली हमले की 16वीं बरसी आज: शहीद जवानों की याद में स्मारक का होगा लोकार्पण, सीआरपीएफ महानिदेशक देंगे श्रद्धांजलि

रायपुर। देश के सबसे बड़े नक्सली हमले के रूप में दर्ज ताड़मेटला कांड की आज 16वीं बरसी है। 6 अप्रैल 2010 को हुए इस भीषण हमले में शहीद हुए वीर जवानों को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। शहीदों की स्मृति में नवनिर्मित स्मारक का आज सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह लोकार्पण करेंगे। इस गरिमामयी अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बलों के आला अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि तत्कालीन दंतेवाड़ा और वर्तमान सुकमा जिले के ताड़मेटला-चिंतागुफा क्षेत्र में नक्सलियों ने इस कायराना हमले को अंजाम दिया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 74 और छत्तीसगढ़ पुलिस के 2 जवान सहित कुल 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे। घटना उस समय हुई जब लगभग 1000 नक्सलियों की टुकड़ी ने सुबह करीब 5:30 बजे ऑपरेशन से लौट रहे थके हुए जवानों को निशाना बनाया। नक्सलियों ने पहले आईईडी विस्फोट किया और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब 7 घंटे चली इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने भी वीरता से लड़ते हुए 8 नक्सलियों को ढेर किया था।

हमले के बाद नक्सली जवानों के लगभग 80 अत्याधुनिक हथियार और बख्तरबंद वाहन भी लूटकर ले गए थे। जांच में यह बात सामने आई थी कि इस पूरे हमले का मास्टरमाइंड मोस्ट वांटेड माओवादी नेता पापा राव था। गौरतलब है कि लंबे समय तक फरार रहने के बाद पिछले दिनों पापा राव ने अपने 17 साथियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। आज इस बरसी के मौके पर पूरा प्रदेश उन वीर सपूतों के बलिदान को याद कर रहा है जिन्होंने बस्तर की शांति के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *