भाजपा का 47वां स्थापना दिवस आज: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और जशपुर के कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर और जशपुर जिले में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सुबह से ही कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। सुबह 8 बजे भाजपा जिला कार्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके बाद सुबह 9 बजे जिला कार्यालय स्थित एकात्म परिसर में ध्वजारोहण किया गया। मुख्यमंत्री रायपुर के कार्यक्रम के पश्चात दोपहर 12:15 बजे जशपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे दोपहर 3 बजे प्रभु श्री रामकथा रसपान कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

जशपुर के कार्यक्रमों को संपन्न कर मुख्यमंत्री शाम 5:35 बजे वापस रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। राजधानी लौटने के बाद शाम 6:30 बजे वे जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। स्थापना दिवस को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में विशेष सजावट के साथ विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया है। इसमें सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *