कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में लग्जरी लैंबॉर्गिनी कार से हुए हादसे के मामले में पुलिस ने आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। शिवम शहर के प्रसिद्ध तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। पुलिस ने यह कार्रवाई घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर की है।
कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो गया है कि हादसे के वक्त कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था। हालांकि प्रारंभिक प्राथमिकी में उसका नाम शामिल नहीं था, लेकिन साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद उसका नाम केस में जोड़ा गया। पुलिस के पास दुर्घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के पुख्ता डिजिटल सबूत मौजूद हैं। दूसरी ओर, शिवम के पिता केके मिश्रा ने पुलिस के दावों को नकारते हुए कहा है कि कार उनका बेटा नहीं चला रहा था। इस बीच, बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट में जमानत और आत्मसमर्पण से संबंधित अर्जी दाखिल की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कार की गति बहुत अधिक नहीं थी, लेकिन वह अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर जा चढ़ी। कार ने वहां खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवकों में से एक करीब 10 फीट दूर जा गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ड्राइवर सीट पर शिवम ही मौजूद था और उसकी शारीरिक स्थिति को देखकर मिर्गी के दौरे की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कार के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ के साथ धक्का-मुक्की की। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में टक्कर के बाद की स्थिति साफ देखी जा सकती है, जिसमें लोग कार से उतरते और भीड़ जमा होती नजर आ रही है। उल्लेखनीय है कि शिवम मिश्रा का परिवार अपनी लग्जरी जीवनशैली के लिए चर्चा में रहता है। मार्च 2024 में आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान भी इस परिवार के पास से 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की महंगी कारें बरामद हुई थीं। फिलहाल पुलिस साक्ष्यों को संकलित कर मामले में चार्जशीट तैयार कर रही है।