बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा शहरभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर पर्याप्त पुलिस बल एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है।
शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं, जिनमें प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी सहित 6-6 जवान तैनात हैं। इसके अतिरिक्त 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी सक्रिय हैं, जिनमें 2-2 जवान शामिल हैं। सभी जवान मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षु आईपीएस सहित सभी अधिकारियों ने देर रात 2 बजे तक विभिन्न चेकिंग प्वाइंट्स का निरीक्षण किया। होलिका दहन के दौरान भी पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहा और सभी स्थानों पर शांति एवं व्यवस्था बनी रही।
व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
होली पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस ने सख्त प्रतिबंधात्मक कदम उठाए हैं—
128 आदतन निगरानी/गुंडा बदमाशों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
36 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 129 बीएनएसएस के तहत सदा आचरण हेतु प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
337 व्यक्तियों को धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत बाउंड ओवर किया गया।
19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
22 आरोपियों को धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
64 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और शहर में शांति बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी जारी रहेगी।
बिलासपुर में होली पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 78 पेट्रोलिंग वाहन और 37 बाइक दस्ते तैनात128 आदतन बदमाश जेल भेजे गए, 337 पर बाउंड ओवर की कार्रवाई

03
Mar