तीन सगी बहनों ने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, ये वजह आई सामने

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन नाबालिग सगी बहनों ने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक बहनों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) बताए गए हैं।

घटना टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी के बी-1 टावर के फ्लैट संख्या 907 में रात करीब दो बजे हुई। स्थानीय लोगों ने तेज आवाज सुनकर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों बहनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में पता चला है कि तीनों बहनें कोरोना काल से मोबाइल गेम की लत में फंस गई थीं। वे ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेला करती थीं। मौके से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने माता-पिता के लिए लिखा- आई लव यू मम्मी-पापा। सॉरी। डायरी में ‘वी लव कोरियन गेम्स’ का जिक्र मिला है। पुलिस ने सुसाइड नोट, डायरी और तीनों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। मोबाइल के लॉक खुलने के बाद डिजिटल गतिविधियों से अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पिता चेतन कुमार, जो ऑनलाइन ट्रेडिंग करते हैं, ने बताया कि तीनों बेटियों को मोबाइल गेम की लत लग गई थी। वे टारगेट गेम खेलती थीं, लेकिन इस कदम का कारण समझ नहीं आ रहा। परिवार में दो पत्नियां हैं और वे पिछले तीन-चार वर्ष से इसी सोसायटी में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें नियमित स्कूल नहीं जाती थीं।

पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। डिजिटल गतिविधियां, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच से मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी। इलाके में दहशत का माहौल है तथा घटना ने ऑनलाइन गेमिंग की लत के खतरों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *