कृषि योग्य गौवंश की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

*कृषि योग्य गौवंश की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार,* *कोरिया।* जिले के पटना थाना क्षेत्र से गौवंश की हत्या का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दंपती और उनके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनुराग दुबे गौ सेवक/समाज सेवक ने थाना पटना में सूचना दी कि 25 मार्च 2026 को ग्राम खाड़ा निवासी ईश्वर कुमार, उसकी पत्नी चंदाबाई और उनके नाबालिग पुत्र ने दो कृषि योग्य गौवंशीय पशुओं की बेरहमी से हत्या कर दी और उनके मांस का उपयोग कर रहे थे।सूचना मिलते ही थाना पटना पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 3(5), छत्तीसगढ़ कृषि पशु संरक्षण अधिनियम की धारा 4, 5, 9, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने घटनास्थल से गौवंश का मांस और घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया। मौके पर विधिवत पंचनामा तैयार किया गया और पशु चिकित्सकों की टीम से मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश के मार्गदर्शन और एसडीओपी राजेश साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पटना के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस की अपील कोरिया पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने आम नागरिकों से अपील की है कि समाज में इस तरह के अपराधों या पशु क्रूरता की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *